देहरादून

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ताबड़तोड़ वारदात करने वाले कुख्यात विनय त्यागी और उसके गैंग पर कानून का शिकंजा कस गया है। नेहरू कॉलोनी थाने में गैंग के सरगना विनय त्यागी सहित उसके तीन सदस्यों के खिलाफ बुधवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस गैंग पर हत्या, जानलेवा हमला, रंगदारी, मारपीट और चोरी जैसे तीन दर्जन से अधिक जघन्य अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। हाल में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने एक कार से लाखों के गहने चोरी में त्यागी को गिरफ्तार किया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिला मजिस्ट्रेट का अनुमोदन मिलने के बाद की गई। सरगना त्यागी (57) जिला मुजफ्फरनगर के पुरकाजी का रहने वाला है।
