उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, रानीपोखरी में आयोजित हुआ तंबाकू जागरूकता कार्यक्रम

देहरादून

उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, रानीपोखरी (ऋषिकेश), देहरादून में आज तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कॉलेज जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य खतरों के प्रति सचेत करना और उन्हें एक स्वस्थ एवं तंबाकू-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान मनोवैज्ञानिक डॉ. अनुराधा द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों तथा इससे संबंधित अन्य आवश्यक जानकारियों को छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया। इसी दौरान प्रश्न-उत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्सुकता से भाग लिया और विषय से संबंधित अपने सवाल पूछे।
इसके साथ ही, तंबाकू के हानिकारक प्रभावों को दर्शाती एक पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी को तंबाकू-मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।
उल्लेखनीय है कि कॉलेज परिसर द्वारा भारत सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सभी मार्गदर्शिकाओं व मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जा रहा है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थान को प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया गया है। आयोजन में प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ से सलाहकार अर्चना उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता रेखा अभियान सहित 200 विद्यार्थियों तथा समस्त फैकल्टी सदस्यों ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।